फ़ॉलोअर

स्याह तस्वीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
स्याह तस्वीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 23 दिसंबर 2021

स्याह तस्वीर


भूख का रंग नहीं होता
आकार भी नहीं
चेहरा होता है
जली हुई रोटी सा
झुलसा और गुस्सैल चेहरा।
फटे जीवन में 
जली रोटी की महक
बच्चे की ललचाई और गहरे धंसी आंखों में
जीवन की उम्मीद है।
भूख का एक सिरा
घर की चारपाई से बंधा होता है
और 
दूसरा सिरा 
बेकारी की फटी छत की तिरपाल से। 
भूख की पीठ पर 
बेबसी के निशान
उम्र के साथ गहरे होते जाते हैं।
कंदील में रोशनी में 
झुलसी रोटी और बच्चे 
एक जैसे लगते हैं। 
रोटी की स्याह तस्वीर
चेहरे पर हर पल नजर आती है।
भूख का कद 
पेट से होकर
उम्र के अंतिम सिरे तक जाता है।
भूख एक उम्मीद पालती है
और
अगले ही पल
बांझ हो जाती है।
भूख पर शोर 
एक आदत है, चीख है, सच है।
भूख पर नीति
केवल 
चेहरे बनाती है। 
चेहरे पर भूख केवल एक सच है
जिसमें तलाशी जाती है भूख
और मिटाई जाती है
भूख।
भूख पर दस्तावेज
अक्सर कोरे नज़र आते हैं
क्योंकि भूख शब्दों में 
लिखी नहीं जा सकी अब तक।
भूख 
रोती हुई मां के चेहरे पर 
चिंता की गहरी झाई है
जिसे 
पहले समय
फिर समाज
और आखिर में 
बच्चे भी कर देते हैं
अनदेखा।
भूख केवल 
पल पल मौत की ओर बढ़ता 
हलफनामा है।।





 

जल्द नहीं कटती दोपहर

 बोझिल सी सांझ के बाद कोई सुबह आती है जो दोपहर की तपिश साथ लाती है और  उसमें घुल जाया करता है पूरा जीवन। उसके बाद  थके शरीर पर  होले होले शी...