फ़ॉलोअर

मंगलवार, 18 जनवरी 2022

रंगमंच पर बहुरूपिये सा


 
किसी दिन 

उत्सव सा

आदमी

हर पल

समय की पीठ पर 

उदय और अस्त होता है।

रंगमंच पर

बहुरूपिये सा

मुखौटे में 

रोता, हंसता, चीखता

आदमी

दरक जाता है

आदमियत की दीवार सा

टूट जाता है 

कई जगहों से।

रंगों को चेहरे पर मलता

स्याह आदमी

पूरा जीवन

कुछ नहीं खोजता

केवल

अपने आप को

भीड़ में टिमटिमाता 

पाने की जिद में

भागता रहता है

अपने आप से

कोसों दूर

किसी अपने तरह के 

आदमी की खोज में

समय की पीठ पर

गुलाबी पैरों की 

छाप छोड़ता 

बदहवास आदमी।

दरकता आदमी

धूल की दीवार है

जिसमें 

केवल सच है

टूटन है

और 

सख्त जमीन।

रविवार, 2 जनवरी 2022

ये तो रंगरसिया


हजार बार नन्हें

परों से 

उड़ती है तितली

तब जाकर 

पाती है

फूलों का प्रेम 

और 

जीवन का रस।

धूप सहती है

नुकीले कांटे भी

रोकते हैं राह

बचती 

खिलखिलाती

फूलों के मन को

छू ही लेती है

क्योंकि भरोसा अपनी पीठ पर

रोज रखती है

उड़ने से पहले तितली।

आसमान 

छूना 

और आसमान पर बने रहना

ऐसी कोई ख्वाहिश

नहीं रखती

ये तो

रंगरसिया है

रंगों में जीती

रंगों से जीवन को सीती

यूं ही भरती है कई

उड़ान।

कभी दूसरी तितली का नहीं करती 

प्रतिकार

क्योंकि

जानती है

ये बागान

उनकी उड़ान

और 

रंगों से उत्साह पाता है

जीवन पाता है।

सीख लें..

कि 

शिकायत नहीं करती 

परों के टूटने पर

खामोशी से तिनकों पर 

सिर रख सी लेती है

परों के घाव..।।

सीख लें

मनबसिया से

खुशबू सहेजना

और उसे बांटना सभी के बीच

खिलखिलाते हुए....।


अभिव्यक्ति

 प्रेम  वहां नहीं होता जहां दो शरीर होते हैं। प्रेम वहां होता है जब शरीर मन के साथ होते हैं। प्रेम का अंकुरण मन की धरती पर होता है।  शरीर  क...