फ़ॉलोअर

शुक्रवार, 28 जुलाई 2023

नदियों की सीमाएं नहीं होती

 नदियां इन दिनों 

झेल रही हैं

ताने

और

उलाहने।

शहरों में नदियों का प्रवेश

नागवार है 

मानव को

क्योंकि वह 

नहीं चाहता अपने जीवन में 

अपने जीवन की 

परिधि में कोई भी खलल।

सोचता हूं

कौन अधिक दुखी है

कौन किसके दायरे में हुआ है दाखिल।

नदियों की सीमाएं नहीं होती

नदियां अपनी राह प्रवाहित होती हैं

सदियां तक।

सीमाओं में हमें बंधना चाहिए

इसके विपरीत

हम बांध रहे हैं नदियों को

अपनी मनमाफिक 

और

सनक की सीमाओं में।

नदियों पर हमारा क्रोध

कहां तक ठीक है

जबकि

हम जानते हैं 

उसके हिस्सों पर बंगले बनाकर 

हम 

अक्सर नदियों के सूख जाने पर

कितनी नौटंकी करते हैं।

बंद कीजिए

नदियों को उलाहना

और

ध्यान दीजिए दायरों पर

और 

ध्यान दीजिए 

मानव और नदियों के बीच रिश्तों में

आ रही दरारों पर।

नदियां कभी क्रूर नहीं होतीं

यदि वह

अपनी राह बहती रहें....।



गुरुवार, 8 जून 2023

कोई नदी तो होगी


कोई नदी तो होगी
जो 
ठहर जाएगी
सूखने के पहले
उन्हें बर्फीली कंद्राओं में।
कोई नदी तो होगी
जो 
हमारे जहां तक 
आने के पहले ठहर जाएगी
अपने अपनों के बीच।
कोई नदी तो होगी
जो
रास्ते रास्ते
ठहर ठहरकर 
पूछेगी सवाल
जल को स्याह करने वालों से।
कोई नदी तो होगी
जो 
रसातल में समाने से पहले
आदमी का अतीत उकेर जाएगी।
कोई नदी तो होगी
जो
वर्तमान और भविष्य के बीच 
वैचारिक फफोलों को उजागर कर जाएगी।
कोई नदी तो होगी 
जो 
बहने से पहले राह देखेगी
नीयत देखेगी
बातों का सूखापन देखेगी
और 
देखेगी आदमी में कैद आदमी
के अनंत दुराभाव।
कोई नदी तो होगी
जो सुन रही होगी
शेष नदियों की चीख
रुदन
और 
प्रलाप।
कोई नदी तो होगी
जो 
कलयुग के अंत तक
टिकी रहे 
और
प्रयास करती रहे 
पृथ्वी को बचाने का,
बेशक वह भीष्म जैसी हो पर क्रोध न दिखाए।
कोई नदी तो अवश्य होगी
जो 
मानव के वर्तमान कर्मों की सजा
उसकी 
मासूम पौध को नहीं देगी।
यकीनन कोई नदी तो अवश्य होगी
जो पिघलती बर्फ को 
समेट ले अपनी देह में
और छिपा ले
कहीं किसी कंद्रा की दरारों में
पर्वतों की भुजाओं में।
कोई नदी तो होगी
जो उम्मीद संभाले बैठी रहे
उस हिमालय पर
जहां सबकुछ पानी पानी होने लगा हैं 


 

मंगलवार, 23 मई 2023

यह वह सिरे वाली नदी नहीं

नदी का पहला सिरा

यकीनन कभी 

उगते सूर्य के सबसे निचले

पहाड़  के गर्भ में कहीं

बर्फ के नुकीले छोर से बंधा रहा होगा।

नदी का दूसरा सिरा

नहीं होता।

नदी 

उत्पत्ति से विघटन

की परिभाषा है।

सतह पर जो है

नदी नहीं

क्योंकि 

पहले सिरे का वह बर्फ वाला

नुकीला छोर 

टूटकर नदी के साथ बह गया।

अब उस नदी का 

पहला सिरा भी नहीं है

केवल 

हांफती हुई जिद का कुछ 

सतही आवेग है

जो

उस पहले सिरे सा

किसी दिन बह जाएगा

और 

रह जाएगी

केवल नदी की दास्तां

पथ

निशान

और उसकी राह में

शहरों की आदमखोर भीड़।

नदी 

उस पुत्री की तरह है

जो जानती है

मायके के हमेशा के लिए छूट जाने का दर्द

और

दूसरे सिरे की अंतहीन यात्रा का अनजान पथ

और 

उस पर प्रतिपल पसरता भय।

नदी है 

लेकिन यह वह सिरे वाली नदी नहीं। 

मंगलवार, 28 फ़रवरी 2023

लौट आओ


गांव के घर

और 

महानगर के मकानों के बीच

खो गया है आदमी।

गांव को

लील गई

महानगर की चकाचौंध

और

महानगर भीड़ के वजन से

बैठ गए 

उकडूं।

हांफ रहे हैं महानगर

और 

एकांकी से सदमे में हैं गांव। 

गांवों के गोबर लिपे 

ओटलों पर 

बुजुर्ग 

चिंतित हैं

जवान बेटों के समय से पहले 

बुढ़या जाने पर। 

तनकर चलने वाला पिता

झुकी कमर वाले पुत्र को देख

अचंभित है

क्या महानगर कोई

उम्र बढ़ाने की मशीन है? 

थके बेटे को खाट पर बैठाए

पिता देते हैं

कांपते हाथों पानी

और 

खरखरी वाली आवाज़ में सीख

गांव लौट आओ

तुम बहुत थक गए हो।

सोमवार, 27 फ़रवरी 2023

पदचिह्न मिट रहे हैं

एक दिन
गांव की शहर हो जlने की लालसा
मिटा देगी 
लौटने की राह।
खेत 
अब रौंदे जा रहे हैं
मकानों के पैरों तले।
गांव 
नगर होकर 
सिर खुजा रहे हैं। 
गांव की पीठ पर 
विकसित होने का दिवास्वप्न
उकेरा गया
गहरे नाखूनों से। 
नगर 
महानगर की चमक में 
बावले होकर 
भाग रहे हैं। 
नगर के पीछे 
शर्ट को पकड़े दौड़ रहे हैं 
गांव। 
नगर रोज 
धक्के खाता 
महानगर आता है
देर रात थका मांदा लौट जाता है
देर रात सो जाता है
सीमेंट जैसे सपने ओढ़कर। 
महानगर आ फंसा है 
अपनी जकड़ में
दम फूल रहा है
हांफ रहा है
रोज बहाने खोजकर
गांव की हरियाली 
किताबों में महसूस करता है। 
महानगर 
गांव होना चाहता है
गांव नगर
और 
नगर होना चाहते हैं महानगर। 
एक दिन खेत खत्म हो जाएंगे
तब 
गांव भी खत्म होंगे।
महानगर तब खाली होकर 
विकास की एतिहासिक भूल 
कहलाएंगे। 
तब 
नगर 
की पीठ पर फिसलते
लटकते 
खिसियाहट भरे 
गांव होंगे। 
हम बैलगाड़ी से
सीमेंट की सड़कों पर 
होंगे
लौटने को आतुर 
पुरातन युग की ओर। 
तब खबरों में 
केवल मकान होंगे
आदमी नहीं। 
पानी और हवा 
नहीं होगी
विकास होगा खौफनाक और डरावना।


गुरुवार, 9 फ़रवरी 2023

नदी का श्वेत पत्र

हर रात 
नदियां कुरेदी जाती हैं
खरोंची जाती हैं
सुबह तक 
वे 
बाज़ार में होती हैं।
दोपहर तक 
ठिकानों पर
और 
शाम तक 
मकानों की दीवारों में चिन दी जाती हैं।
ऐसे रोज नदियां
घिस रहीं हैं
अंदर से।
उनकी देह रज से बने मकानों में
सदियों से एक सवाल 
सुलझ नहीं पाया 
कि 
आखिर नदियां खोखली क्यों हो रही हैं? 
अनुत्तरित सवाल 
अखबारों में पढ़कर 
गाड़ीवान 
अगली सुबह फिर 
नदी की छाती पर सवार हो जाता है
उसे कुरेदने...। 
हम बहुत चिंता करते हैं
कि 
वाकई भविष्य खतरे में है
नदियां नहीं बचेंगी 
तो 
कैसे बचेगा भविष्य। 
खुरची नदी 
अपने आप को सौंप देती है
उन लौह नखों के वाहक को
अंदर ही अंदर रोती है
चीखती है
और 
गहरे तक 
समा जाती है अपने ही अंतस में।

शुक्रवार, 27 जनवरी 2023

वसंत पीला सा


ये पीला सा वसंत
उन उम्रदराज़ आंखों में 
कोरों की सतह पर
नमक सा चुभता है
और 
आंसू होकर 
यादों में कील सा धंस जाता है। 
धुंधली आंखें वसंत 
को जीती हैं
ताउम्र
जानते हुए भी 
नमक की चुभन।  
वसंत उम्रदराज़ साथी सा 
सुखद है
जो कांपते शरीर
जीवित रखता है 
अहसासों का रिश्ता। 
वसंत तब अधिक चुभता है
जब 
टूट जाती है साथी से 
अहसासों की डोर। 
तब
बचता है केवल पीला सा सन्नाटा
जो चीरता है
शरीर और अहसासों को 
तब
सपने सलीब पर रख
शरीर पीले होने लगते हैं।
हां 
वसंत 
उम्रदराज़ नहीं होता
केवल सुलगता है
थके शरीरों की पीठ पर।


 

अभिव्यक्ति

 प्रेम  वहां नहीं होता जहां दो शरीर होते हैं। प्रेम वहां होता है जब शरीर मन के साथ होते हैं। प्रेम का अंकुरण मन की धरती पर होता है।  शरीर  क...