फ़ॉलोअर

शुक्रवार, 6 अगस्त 2021

रोपिये ना दोबारा मुट्ठी भर सावन

सावन बरसता था

जब 

लगता था जैसे

मन

और 

घर

मनाने को उत्सुक हैं 

रक्षा का कोई पर्व।

संदेश के साथ

चिठिया में भेज दिया जाता था 

बहन 

को बचपन

बेटी

को 

दुलार। 

सावन 

की पहली फुहार से ही

पूरा घर

दरवाजे की

चौखट के सिराहने  

रख देता था

अपनी आंखें

इंतजार में अपनी दुलारी के।

चिठिया पाकर

उतावली सी

बहना

बतियाती थी सावन से

भादो तक 

जाना है घर

जिनके संग

जीया है बचपन

सीया है जीवन

पीया है दर्द

और

लिया है 

सभी को खुश रखने का संकल्प।

सावन देखता था

बहन की आंखों में सूखे इंतजार को

और

भीगी चिठिया पाकर

चहक उठती थी

पिया के घर

से 

जाने को 

बाबुल के दर।

आंगन की चौखट पर 

सजी आंखें

दूर से देख लेती थीं

बहन को

उसकी आहट को

उसके घर में कदम रखते ही

सफल हो जाता था

सावन का आना

भादो में ढल जाना।

रिश्तों  के मर्म में देखो 

अब कहां है

और कितना है

सावन

कितना है

भादो 

और कितना है 

इंतजार...।

अब 

रोपिये ना दोबारा

मुट्ठी भर सावन

इस धरा में

मुट्ठी भर

रिश्ते

अपनों के बीच

और 

मुट्ठी भर 

यादें बचपन की

जो

सावन बन जाएंगी

तब

आंखें नहीं बरसेंगी

केवल

बरसेगा सावन और भादो। 





गुरुवार, 5 अगस्त 2021

...हां क्रोध ऐसा ही तो होता है

 





















क्रोध केवल क्रोध है
अपलक धधकता हुआ समय।
विचारों की शिराओं में
सुर्ख सा एक चिलचिलाता प्रवाहवान द्रव्य।
बेनतीजतन इरादों का गुबार
एक बेतरतीब सी जिद।
हार का कुतर्कसंगत चेहरा
झुंझलाहट का बदरंग कैनवस।
सुलेख की किताब का फटा हुआ आखिर पन्ना
जीत के चेहरों के बीच तपे जिस्म सा
हां क्रोध ऐसा ही होता है।
 


मंगलवार, 3 अगस्त 2021

हम साक्षी नहीं होना चाहते

 तुम्हारा साथ

पौधों के नेह जैसा ही है

गहरे से अंकुरण 

गहरे से अपनेपन

और 

गहरे से भरोसे की चाह

और

उस पर 

हरीतिमा बिखेरता हुआ। 

हम

और तुम

साक्षी हैं

धरा पर बीज के

बीज पर अंकुरण के

अंकुरण पर पौधा हो जाने के कठिन संघर्ष के 

पौधे के वृक्ष बनने के कठिन तप के

उस पर गिरी बूंदों के

ठंड में ठिठरुती उसकी पत्तियों की आह के

गर्मी में झुलसते 

उसके सख्त बदन के पत्थर हो जाने के

और

उस वृक्ष पर 

घौंसले बनाकर बसने वाले

चुबबुले परिंदों के

उनकी उम्मीदों के

उस छांव में 

सुस्ताने वाले 

राहगीरों के

उनके थके पैरों की बिवाई के

और

छांव पाकर आई 

गहरी नींद के।

हम साक्षी नहीं होना चाहते

उस वृक्ष के कटने के

उन घौंसलों के उजड़ने के

उन परिंदों के हमेशा के लिए लौट जाने के

छांव को धूप के निगल जाने के

फटी बिवाई से रिसते रक्त के

हम साक्षी नहीं होना चाहते

बंजर धरा के

प्यासे कंठों के 

सूखते जलाशयों के 

बारी-बारी मरते पक्षियों के

पानी पर लड़ते इंसानों के

और

हम साक्षी नहीं होना चाहते

ऐसी प्रकृति के

जिसमें

केवल 

स्वार्थ के पथरीले जंगल हों

जहां

का कोई रास्ता

जीवन की ओर न जाता हो।





रविवार, 1 अगस्त 2021

अहा ये जिंदगी

जिंदगी
हमेशा केवल तुममे 
नज़र आती है...।
जानता हूँ
जिंदगी
तुम्हारे 
सपनों पर हमेशा रखती है
तुम्हारे मुस्कुराने की शर्त।
बेटी
तुम्हें
लिखना 
और पढ़ना
मेरे लिए
कठिन है
क्योंकि शब्दों
के चयन में 
उलझ जाता हूँ
हां 
तुम्हें महसूस करता हूँ
हर पल
तुम्हारे
चेहरे को देखकर।
अच्छा पिता
हूँ या नहीं
लेकिन 
तुम्हें 
ना हारते देख सकता हूँ
ना थकते।
अभी जिंदगी
को कांधे बैठाकर घूमना है तुम्हें
सपनों 
को बाजू में दबाए..। 
दौड़ना है
सपनों के सच होने तक
और 
सपनों 
के मुस्कुराने तक...।
मैं जानता हूँ
तुम्हें पता है
तुम्हारी आह
मेरी 
श्वास 
की गति
प्रभावित करती है
तुम 
जीतोगी 
क्योंकि 
तुम्हारी मुस्कान तुम्हारी ताकत है
और 
मेरी भी...।

शनिवार, 31 जुलाई 2021

एक घर सजाते हैं

 सुनो ना...

एक घर सजाते हैं

दहलीज पर

सपने बिछाते हैं

छत पर

सुखाते हैं कुछ

थके और सीले से दिन।

बाहर

बरामदे में

आरामकुर्सी पर

लेटा आते हैं

उम्मीदों को

इस उम्मीद से कि

उन्हें एक उम्र को

सजाना है खुशियों से।

घर के दीवारों पर

कीलें नहीं लगाएंगे

क्योंकि 

वहां

हम खुशियों को जीते

अपने रंग

सजाना चाहते हैं

खुशियों और रंगों में क्या कोई कील

अच्छी लगती है भला

वो भी जंक लगी

अंदर तक भेदती जिद्दी कील। 

घर की खिड़की पर 

हम

बैठाएंगे 

तुलसी का पौधा

जो 

हवा से

बात करते हुए

समझता रहेगा 

कि यह घर

तुम्हारा

सुखद अहसास चाहता है।

छत पर हम

कोई सफेद सा 

सच बांध देंगे

ताकि

हमें दिखाई देता रहे 

वह सच

कि दुनिया में

सबकुछ सफेद कहां होता है।

रसोई में 

हम मिलकर

सजाएंगे

कुछ कांच की पारदर्शी बरनी

जिससे 

झांकते रहे

तुम्हारे नेह से भीगे

अचार की 

गुदगुदी सी खटास

जो

घोलती रहे

ताउम्र मिठास।

घर के बरामदे में

लगाएंगे एक नीम

पीपल

और

आंवला

ताकि 

उम्र की थकन तक

हम सहेज लें

अपने हिस्से के वृक्ष

जो

देते रहें हमें

उनकी अपनी श्वास।

दरवाजे पर

हम 

गौरेया लिख देंगे

जानता हूं

तुम मुस्कुरा उठोगी

लेकिन

सच तो है

वह आकर्षण का नियम

और

गौरेया का लौटना।

हम छत पर

रखेंगे

कुछ 

सकोरे उम्मीद के

जहां

प्यासे पक्षी चोंच डुबोकर

नहाएंगे 

और

हमारे ही आंगन बस जाएंगे।




फोटोग्राफ- अखिल हार्डिया, इंदौर, मप्र- वरिष्ठ वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर 




बुधवार, 28 जुलाई 2021

जिंदगी जहाज होती है

जिंदगी 
जहाज होती है
पानी का जहाज।
कभी
सतह पर 
शांत
बहती
कभी
तेज हवा में 
हिचकोले लेती।
कभी
मीलों चलकर मुस्कुराती
कभी
पल भर में 
खीझ जाती।
कभी
अथाह सागर पर 
लिख देती
भरोसा
कभी
धोखे पर 
चीख उठती।
कभी
तैरते हुए किनारे लग जाती
फिर 
लौट आती
बीच समुद्र के
कभी
किनारे ही डूब जाती।
जिंदगी
जहाज है
पानी का जहाज।
कभी
शांत लहरों पर
गीत गुनगुनाती
कभी
तूफान में
भयाक्रांत हो जाती।
जहाज
और 
जिंदगी
दोनों में समानता है
कि
दोनों
उम्रदरा़ज होकर
किनारे
लग जाते हैं
और 
एक दिन
टूटकर
बिखर जाते हैं...।


मंगलवार, 27 जुलाई 2021

जिंदगी मुस्कुरा उठेगी



जब
खुशी से
सराबोर
हम दोबारा बुनेंगे
जीवन।
ये
भय की अंधियारी
बीत जाएगी।
सुबह
खुलकर
मिलेंगे
गले
और
लगाएंगे मरहम
अपनों के दर्द पर।
बेहद कठिन सफर है
आंखों में
अपनों के असमय चले जाने का
दर्द
कहीँ कोरों पर
नमक के बीच
आ ठहरा है।
आएगी सुबह
जब
थमी सी जिंदगी
मुस्कुरा उठेगी...।

समय की पीठ

 कहीं कोई खलल है कोई कुछ शोर  कहीं कोई दूर चौराहे पर फटे वस्त्रों में  चुप्पी में है।  अधनंग भागते समय  की पीठ पर  सवाल ही सवाल हैं। सोचता ह...