फ़ॉलोअर

रविवार, 27 जून 2021

मुझे पसंद है


 









तुम्हें पसंद है

मुझमें

स्वयं को खोजना

और 

मुझे पसंद है

तुम्हारे चेहरे पर नजर आना।

तुम्हें पसंद है

मेरे शब्द, भाव, गहनता

मुझे पसंद है

तुम्हारा वह

होले से आकर मुझे छू लेने वाला अहसास।

तुम्हें पसंद है

बारिश और उन बूंदों में

मेरा साथ

मुझे पसंद है

घर का दालान, बूंदें और तुम्हारे हाथों का स्पर्श।

तुम्हें पसंद है

अपने घर के दालान की मिट्टी की महक

मुझे पसंद है

तुम्हारे उस मर्म की गंध को छूते भाव।

तुम्हें पसंद है

घर के आंगन का नीम

मुझे पसंद है

तुम्हारा उस नीम को छूकर

पहली बार

मेरे मन के करीब आना।

तुम्हें पसंद है

सर्द हवा में मेरे मफलर में गर्माहट के रंग

मुझे पसंद है

तुम्हारे चेहरे का गुलाबी अपनापन।

तुम्हें पसंद है

हरीतिमा 

और मुझे पसंद हो

तुम 

क्योंकि

तुम और में 

एक ऐसे घर को गूंथ रहे हैं

जहां

प्रकृति के अंकुरण 

बहुत गहरे होंगे...।

हां 

सच हमारा घर महकता है

तुम्हारी और हमारी

इन नेह की फुहारों से।



गुरुवार, 24 जून 2021

यहां प्रेम पर


 









मैं पूछ बैठा

बस्ती में

क्या प्रेम 

बसता है

शरीर में

मन में

आत्मा में

या फिर

केवल शरीरों का एक लबाजमा है

बस्ती की काया। 

तपाक से उत्तर आया

एक थके हुए अधेड़ का

प्रेम

तंग गलियों में

आकर

शरीर हो जाया करता है।

प्रेम

टूटे छप्परों में

देह पर

केंचूएं सा रेंगता है

और

हर रात

हारकर

सीलन वाली

दीवारों पर

चस्पा हो जाता है

देह की 

थकी हुई गंध बनकर।

प्रेम

बस्ती की

घूरती आंखों में

कई बार

तार-तार हो जाया करता है

जिस्मों से झांकती मजबूरियों में।

प्रेम 

को बस्ती में

कोई नाम नहीं दिया जाता।

प्रेम

यहां बेनाम होकर

उम्र दर उम्र

बूढ़ा होता रहता है

जिस्म की गर्मी 

के 

पिघलने के साथ।

यहां के प्रेम पर

कोई 

कविता नहीं होती

यहां

प्रेम पर 

कोई शब्द नहीं होते

यहां

केवल ख्वाहिशों का जंगल है

जो 

सुबह से रात तक

थकन का एक स्याह

बादल बनकर

बरस जाता है

आत्मा को

पैरों से खूंदता हुआ। 

सच हमारे यहां तो 

प्रेम

ऐसा ही होता है। 

प्रेम यहां

एक सख्त

चट्टान है

जो हर तरह की चोट

सहकर

धीरे -धीरे टूटता है

अंदर ही अंदर

एक शरीर के

पत्थर हो जाने तक।


बुधवार, 23 जून 2021

यहां केवल फरेब है

 



महानगर की 
बंद गलियों के
बहुत अंदर
कहीं 
पलती है
बेबसी
किसी फूटे हुए
पाइप से
रिसते हुए 
नाले के मैले पानी के बीच
चरमराई जिंदगी
रोटी को
ही 
भूगोल कहने लगी है।
चीखती है
पूरी ताकत से
हुकुमरां के सामने। 
आवाज़
कभी भेद नहीं पाती 
गरीबी की उन संकरी गलियों 
को।  
हुकमरां 
आते रहे, जाते रहे
गलियां संकरी होकर
अपने में ही धंसती गईं
किसी वृद्धा के
पेट 
की अंतड़ियों की भांति
जिसकी भूख
खत्म हो जाती है
बचती है
केवल
धूरती हुई अस्थियां। 
मैं
उन बस्तियों पर सच सुनने वालों 
और 
खीसे निपारने वालों को
आईना दिखाना चाहता हूं
कि 
यहां 
जिंदगी
एक मैली गटर से आरंभ होती है
और 
उसी मैली गटर के 
किनारे कहीं
दम तोड़ देती है।
चीखता हूं मैं भी
उस दिन
जब 
गटर पर जीने वालों
के बीच
उम्मीद लेकर
कोई
नागैरत पहुंचता है 
तब देखता हूं
उन चेहरों को 
जो उसे वाकायदा घूर रहे होते हैं
खामोश रहते हुए।
महानगर बसता है
इन बस्तियों की संकरी
गलियों में भी
जहां
भूख
के मायने बदल रहे हैं 
जहां भूख
अक्सर
बच्चों की पैदाईश का सबब हो जाया करती है। 
सोचता हूं
ऐसी संकरी गलियों की चीख
कभी
बहरा कर पाएगी
बेज़मीर सियासतदारों को। 
खैर,
यहां
केवल रात होती है
सुबह
और 
सुबह की उम्मीद
यहां 
केवल
फरेब है।
यहां 
उम्मीदें 
अगले ही पल
पिघल जाती हैं
केवल
जिस्म बचते हैं
जो घूरते हैं
घूरते हैं 
और केवल घूरते हैं...। 





मंगलवार, 22 जून 2021

शरीर कभी प्रेम नहीं हो सकता











प्रेम 

सूखे पत्तों पर 

लिखा जा सकता है

लेकिन 

उस पर 

भाषा और भाव

केवल प्रकृति ही उकेर सकती है।

प्रेम

व्यक्त किया जा सकता है

केवल अहसास में

बुजुर्ग होते शरीरों के दरमियान।

प्रेम 

देखा जा सकता है

चातक की 

प्रतीक्षा के प्रतिपल

प्रबल होते विश्वास में।

प्रेम

स्पर्श किया जा सकता है

सूखी धरती के 

फटे शरीर की 

दरारों में

उगते किसी

अकेले

अंकुरण की

पीठ को सहलाकर।

प्रेम

तृप्ति दे सकता है

हजारों योजन

की यात्रा

करते

उन पक्षियों को

जिन्हें

भरोसा है 

अब भी 

हमारी आदमीयत पर

जो

कंठ तृप्त करने

अब भी 

उतर आते हैं

हमारे सूखते शहरों की 

गर्म और तपती

छतों पर 

झुलसती उम्मीदों की पीठ पर रखे

सकोरों के पानी पर। 

प्रेम

में प्रेम से ही

प्रेम का 

अंकुरण फूटता है

प्रेम 

यहां कभी भी आदमखोर नहीं होता

प्रेम

अब भी

पक्षियों के थके हुए 

परों 

में झुलसती गर्मी के बीच

छांह भर लेने 

के संकल्प का ही दूसरा नाम है। 

शरीर 

और

प्रेम

एक-दूसरे के पूरक हैं

क्योंकि 

शरीर कभी प्रेम नहीं हो सकता

और प्रेम

का कोई शरीर नहीं होता।

प्रेम

अलसुबह

तुम्हारे चेहरे की

उस

उनींदी मुस्कान का नाम है

जिससे

ये घर

और 

ये दालान

जिसमें

एक बूढ़ा नीम भी है

प्रेम करते हैं। 

सोमवार, 21 जून 2021

गरीब की झोपड़ी का भूगोल

 










गरीब 

की झोपड़ी का भूगोल

क्या कभी 

किसी चुनाव का 

पोस्टर होगा ?

गरीब

किसी चुनाव में चयन का आधार होकर

विकास के दावों 

की छाती पर 

पैर रखकर

बना सकेंगे

कभी 

अपनी भी कोई खुशहाल दुनिया।

पेट में अंतड़ियों का

विज्ञान

भूख के भूगोल में दबकर

हमेशा से 

इतिहास होता रहा है। 

टपकती झोपड़ियों में 

सपने भी

हवा के साथ 

झूलते रहते हैं

बांस की किसी कील पर 

होले से लटके 

किसी ख्यात फिल्मी सितारे के 

पोस्टर की भांति।

पोस्टर में दरअसल

गरीब की

ख्वाहिशें झूलती हैं

आंखों में 

सभ्यता के दो चमकीले बटन

और

शरीर पर 

बेमेल और बेरंग से कपड़े

और 

अमूमन 

नंगा जिस्म। 

गरीब

क्या है साहब ?

किसी 

नाले के किनारे

गंदगी के बीच

जिंदगी की

जबरदस्त आपाधापी। 

अर्थ में विभाजित

समाज में

उछाल दी जाने वाली

चवन्नी

या 

आठ आना

जिसे 

उठाने में

पैरों तले 

अक्सर कुचल दिए जाते हैं 

गरीबों के हाथ

इस बेरहम

जंगल में

भागते महत्वकांक्षी

मतभेद वाली

जिद के नीचे।

गरीब केवल चुनावी

बिल्ले की तरह है

जिसे चुनाव के दौरान

सफेदपोश 

अपने कुर्ते पर सजाते रहे हैं

और चुनाव होते ही

कुर्ते सहित

उतार फेंकते हैं

उस गरीब बिल्ले को।

70 के दशक के 

गरीब चुनावी बिल्ले 

अब 21वीं 

सदी तक आते आते

सठिया गए सिस्टम

की 

सबसे बड़ी प्रदूषित

मानसिकता की विवशता कहलाते हैं।

अब

वे गरीब के साथ

नाउम्मीद गरीब हैं

जिन्हें केवल

रोटी

कपड़ा

और 

श्रम में ही खोजना है

पसीने से चिपटी

देह वाला कोई

नमकीन सपना।  


( बिल्ला का अर्थ पूर्व के वर्षां में जब चुनाव मतपत्र से हुआ करते थे तब नेताओं के पक्ष में बिल्ले बनाकर बांटे जाते थे जिन्हें कपड़ों पर लगाया जाता था )


शुक्रवार, 18 जून 2021

वो छांव कहां से लाऊं










 जो मुस्कान बिखेरे

वो शब्द कहां से लाऊं।

जो तुम्हें बचपन दे दे

वो हालात कहां से लाऊं।

सख्त हो चली है मानवता की धरती

इंसान उगा दे वो खाद कहां से लाऊं।

देख रहा हूं अहसासों को बिखरते हुए

जो राहत दे वो छांव कहां से लाऊं।

बुधवार, 16 जून 2021

सपने बुनता मजदूर अस्त हो जाता है












सुबह

सूरज के साथ

उग आते हैं

मजदूर सड़कों पर।

पूरा दिन

सिस्टम की अतड़ियों में

खोजते हैं

निवाले।

सूखते दिन में

उम्मीद कई दफा

पसीने सी टपकती है।

फटी जेब में

रुमाल से बंधे

रुपयों में

सपने बुनता मजदूर

अस्त हो जाता है

सूरज के साथ।

अगले दिन

पौं फटते ही

दोबारा उगने के लिए..। 

अभिव्यक्ति

 प्रेम  वहां नहीं होता जहां दो शरीर होते हैं। प्रेम वहां होता है जब शरीर मन के साथ होते हैं। प्रेम का अंकुरण मन की धरती पर होता है।  शरीर  क...